जमशेदपुर : दुर्गापूजा के दौरान शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. इसी को लेकर पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी एवं तमाम डीएसपी मौजूद रहे. बैठक में दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. जिले के एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बताया कि दुर्गापूजा को देखते हुए जिले में करीब 2000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. इनमें रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ), झारखंड जगुआर, जैप और जिला पुलिस के जवान भी शामिल हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिये भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे. पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो.





