जादूगोड़ा : यूसिल के सात यूरेनियम प्रोजेक्टों के पांच हजार ठेका मजदूर 2025 से बकाया अर्जित छुटी व भाटिन यूरेनियम माइंस के 200 ठेका कर्मियों की बोनस की मांग पर झामुमो नेता सह पूर्व जिला पार्षद बाघराय मार्डी ने देर संध्या माटीगोड़ा पार्टी कार्यालय में बैठक की. बैठक में अपनी मांगों को लेकर आगामी 19 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने की घोषणा की गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस बाबत बाघराय मार्डी ने बताया कि यूसिल के भाटिन माइंस के कर्मचारियों की अर्जित छुट्टियों का भुगतान बकाया है, जिसको लेकर उन्होंने विगत 14 एवं 15 जनवरी को हड़ताल भी की थी. लेकिन इसके बाद भी उनको प्रबंधन ने झूठा आश्वासन देकर मामले को उलझाए रखा. उन्होंने कहा कि यूसिल प्रबंधन को मजदूरों की अर्जित छुट्टी एवं भाटिन के ठेका मजदूरों के बोनस की मांग को लेकर आगामी 18 अक्टूबर तक समय दिया गया है. उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि तक अगर उनकी मांगे नहीं मानी गईं तो आगामी 19 अक्टूबर को यूसिल की सभी इकाइयों के ठेका कर्मी अनिश्चिकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. बैठक में जादूगोड़ा, भाटिन, नरवा पहाड़, बागजाता व तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट्स के मजदूरों ने भाग लिया.





