जमशेदपुर : भारत रत्न डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल जमशेदपुर में “रिमोट सेंसिंग और जियोइन्फॉर्मेटिक्स की खोज” विषय पर एक विशेष संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य वक्ता के रूप में सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति एवं प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो डॉ जेगनाथन चोकलिंगम ने कक्षा IX और X के विद्यार्थियों को संबोधित किया. अपने संबोधन में प्रो चोकलिंगम ने रिमोट सेंसिंग, उपग्रह अवलोकन और जियोइन्फॉर्मेटिक्स की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक में इनके महत्व को समझाया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं और करियर के अवसरों से भी परिचित कराया. सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वैज्ञानिक विषयों के प्रति अपनी जिज्ञासा प्रदर्शित की. कार्यक्रम की परिकल्पना एवं पहल विद्यालय के उप-प्राचार्य, स्वतंत्र ऊर्जा वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता सौम्य दीप ने की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से परे आधुनिक वैज्ञानिक अवधारणाओं से परिचित कराना उनके अंदर शोध की प्रवृत्ति विकसित करने और नए करियर विकल्पों को समझने में सहायक है. कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव ने दिया, जबकि दीपक श्रीवास्तव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. वरिष्ठ शिक्षिका सुश्री पूजा ने कार्यक्रम का संचालन किया. अभिजीत, फैज, रोहित, साखा, सौरव, मानस, निखिल, जगदीश और बिशाखा के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में विद्यालय का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा.





