जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में एक महिला ठेका कर्मचारी पर एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में महिला कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गयी है. उसको टीएमएच में भर्ती कराया गया है. बताया जाता है कि हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) की है. एक महिला कर्मचारी अपने प्लांट के रेस्ट हाउस में गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसी बीच एक युवक नकाब लगाकर महिला रेस्ट रूम में घुसा. घुसते ही उक्त महिला पर भारी लोहे के उपकरण से हमला कर दिया. जब महिला लहूलुहान हालत में हो गयी, तब वह युवक वहां से भाग निकला. महिला लहूलुहान हालत में बाहर निकली तों सुरक्षाकर्मी को सूचना साथी कर्मचारियों ने दी. इसके बाद महिला को तत्काल इलाज मुहैया कराया गया औऱ टीएमएच भेजा गया, जहां उसकी हालत खराब है. मामले की जांच की जा रही है. मामले की जानकारी बिष्टुपुर पुलिस को भी दे दी गई है. पुलिस भी अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है और अपराधी की पहचान कर उसको पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इस मामले को लेकर अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.





