जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में एक वाइन शॉप की छत काटकर चोरी करने का मामला सामने आया है. अज्ञात चोर दुकान से 33 हजार रुपये नकद और करीब 18 हजार रुपये मूल्य की शराब चोरी कर फरार हो गए. घटना में दुकानदार को कुल करीब 51 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. दुकान संचालक सन्नी जायसवाल ने बर्मामाइंस थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
टीन की छत काटकर दुकान में घुसे चोर : शिकायत के अनुसार, वाइन शॉप बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में लिंडे गैस के सामने स्थित है. 20 अक्टूबर को अज्ञात चोर ने दुकान की टीन की छत काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद दुकान में रखे 33 हजार रुपये नकद और लगभग 18 हजार रुपये मूल्य की शराब लेकर फरार हो गया. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस से की. (नीचे भी पढ़ें)
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात : दुकानदार के अनुसार, चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. उन्होंने पुलिस से फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है. जुगसलाई निवासी सन्नी जायसवाल ने चोरी गए रुपये और शराब की बरामदगी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.





