जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सदर अस्पताल खासमहल में इलाज के दौरान उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी जादव बिरूवा की मौत हो गयी. कैदी की उम्र 82 वर्ष थी. फिलहाल वह घाघीडीह सेंट्रल में बंद था. 25 अक्टूबर को कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. विदित हो कि जादव बिरूआ को 2019 में चाईबासा जेल से घाघीडीह सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था. (नीचे भी पढ़े)
वह पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया का रहने वाला था. हाटगम्हरिया में 2001 में एक हत्या के मामले में अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनायी थी. जिसके बाद वह चाईबासा जेल में बंद था. कैदियों की बढती संख्या को देखते हुए कारा प्रशासन ने कैदी को जमशेदपुर स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया. जिसके बाद से वह घाघीडीह जेल में था. कैदी के मौत की खबर जेल प्रशा्सन ने परिजनों को दे दी है. पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप देगा.





