जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में पुलिस ने एक बड़े जुआ के अड्डे का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय निवासी प्रीतपाल सिंह के घर पर छापेमारी कर जुआ खेल रहे 15 लोगों को पकड़ा है. पुलिस ने मौके से 7.5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार सभी लोग शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

10 से 15 हजार रुपये थी एंट्री फीस : मिली जानकारी के अनुसार, प्रीतपाल सिंह के घर में कथित तौर पर लंबे समय से जुआ खेलने का अड्डा संचालित किया जा रहा था. यहां जुआ खेलने के लिए आने वाले लोगों से प्रति व्यक्ति 10 हजार से 15 हजार रुपये तक एंट्री फीस लिए जाने की बात सामने आई है. बताया जाता है कि इस अड्डे पर रोजाना लाखों रुपये का दांव लगाया जाता था. (नीचे भी पढ़ें)
गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की. इस दौरान जुआ खेल रहे लोगों को मौके से पकड़ लिया गया और नकदी बरामद की गई. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर जुआ अड्डे के संचालन और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सकती है. फिलहाल, मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है.





