जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के रोड नंबर एक स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 में चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. चोर वारदात को अंजाम देने के बाद क्वार्टर के पीछे के रास्ते से फरार हो गए. सूचना मिलने पर टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. क्वार्टर में रहने वाले टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान ने बताया कि वह अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ रहते हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)
उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका है. शनिवार को उनका बेटा हैदराबाद से घर आया था. क्वार्टर में जगह कम होने के कारण पूरा परिवार ताला बंद कर मानगो स्थित श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चला गया था. रविवार रात जब वे लौटे और कमरे का ताला खोलकर अंदर पहुंचे, तो दूसरे कमरे का सामान बिखरा मिला. अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखा गहनों का बैग गायब था. (नीचे देखे पूरी खबर)

शमशेर खान के अनुसार, चोर दीवार फांदकर क्वार्टर के पीछे पहुंचे और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे. इसके बाद अलमारी से गहने और नकदी लेकर फरार हो गए. दीवार पर चोरों के हाथ-पैर के निशान भी मिले हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.





