आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में चर्चित ज्वेलरी लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी सुरेश राय को पुलिस ने बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी. आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुरेश राय उर्फ नायडु यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेढु के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद से ही वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. बताया जाता है कि वह पटना, मुंबई और दिल्ली जैसे शहरों में छिपकर रह चुका था. मामला 6 अगस्त 2023 का है. उस दिन सुबह करीब 10:30 बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग के समीप स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूटपाट की गई थी. अपराधियों ने दुकान से लगभग 545 ग्राम सोना लूट लिया था. लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 243/2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने गिरोह में शामिल चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. उनके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार, लूटा गया सोना और सोना बेचने से मिली रकम बरामद की गई थी. हालांकि, सुरेश राय लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पिछले चार से पांच महीनों से वैशाली जिले में लगातार सूचनाएं जुटाई जा रही थीं. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर में छापेमारी की. इस कार्रवाई में सुरेश राय को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने ज्वेलरी लूटकांड में अपनी और अन्य आरोपियों की संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ अवैध शराब कारोबार, मारपीट, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में भी आरोप दर्ज होने की जानकारी मिली है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.















