सरायकेला: सरायकेला थाना पुलिस ने रात की गश्ती के दौरान चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों को 28 अक्टूबर की रात कोट मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा.तलाशी के दौरान उनके पास से अमारॉन कंपनी की बैटरी, दो मोबाइल फोन, नकदी, लोहे के औजार और एक स्कूटी समेत कई सामान बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने थाना के सामने खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी की बैटरी चोरी करने और राजाबाजार के माणिक बाजार स्थित ट्रैक्टर शोरूम में चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है. गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात करीब 12:35 बजे सरायकेला थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम रात्रि गश्ती कर रही थी. इसी दौरान कोट मोड़ के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद गश्ती दल ने सशस्त्र बल की मदद से दोनों को पकड़ लिया. तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके पास से कई सामान बरामद किए गए.पुलिस ने आरोपियों के पास से काले रंग की सुजुकी स्कूटी नंबर जेएच 01एफटी 54…, अधूरा नंबर),अमारॉन कंपनी की काली बैटरी, वीवो और ओप्पो कंपनी के दो टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इसके अलावा सादे कागज में लपेटा हुआ करीब 15 ग्राम का चांदी जैसा धातु का ठोस टुकड़ा, लोहे का पाना, स्क्रू ड्राइवर का हैंडल, स्टील का मुड़ा हुआ सब्बल और 2,570 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान और जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी उर्फ बब्बर अंसारी उर्फ बबलू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है.साजिद खान के खिलाफ सरायकेला थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं. वहीं, जाफर अंसारी के खिलाफ सरायकेला, लोअर बाजार और कुडू थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी और गोवंशीय अधिनियम से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक राजेश कुडू, थाना प्रभारी विनय कुमार समेत सरायकेला थाना के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.












