चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. जिन्तुगाड़ा गांव में 35 वर्षीय सलमी सिंकू का शव घर के अंदर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. महिला की हत्या का आरोप उसके पति मंगल सिंकू पर लगा है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में गैता से महिला के सिर पर कई वार किए जाने की बात सामने आई है.जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार अहले सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार महिला का ससुर शौच के लिए घर से बाहर निकला था. इसी दौरान घर का दरवाजा बंद कर दिया गया. इसके बाद घर के अंदर सो रही सलमी सिंकू पर गैता से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई. सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई.(नीचे भी पढ़े)

.
घटना स्थल जगन्नाथपुर थाना से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. आसपास घरों की संख्या कम होने के कारण घटना की भनक ग्रामीणों को तत्काल नहीं लग सकी. बताया जा रहा है कि वारदात के समय महिला के बच्चे भी घर पर मौजूद नहीं थे. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने भी घटनास्थल से जुड़ी जानकारी लीग्रामीणों के अनुसार, मंगल सिंकू करीब तीन दिन पहले घर से कहीं चला गया था. परिजन उसकी तलाश करते हुए पाताहातु पहुंचे थे, जहां से सोमवार को उसे वापस घर लाया गया. ग्रामीणों का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से उसके व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा था. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है..(नीचे भी पढ़े)
पुलिस के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी हत्या करने से इनकार कर रहा है. ऐसे में पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और पारिवारिक परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का अनुसंधान आगे बढ़ने के साथ ही घटना की परिस्थितियों और वारदात में आरोपी की भूमिका से जुड़े तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है.












