जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजनमनगर काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग उर्फ आदित्य नाग (20) और भाटिया बस्ती रोड नंबर-12 राज बिहारी पथ निवासी शुभम कुम्हार (19) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो गोलियां और एक सफेद रंग का आईफोन बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रामजनमनगर काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग अपने एक दोस्त के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है और उसके पास अवैध देशी कट्टा है. सूचना मिलने के बाद एसएसपी और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

छापेमारी दल जब रामजनमनगर स्थित समीर नाग के आवास पर पहुंचा, तो कमरे में दो युवक एक साथ बैठे मिले. पुलिस को देखते ही दोनों घबरा गए. इसके बाद पुलिस ने समीर नाग उर्फ आदित्य नाग और शुभम कुम्हार को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार तलाशी ली. तलाशी के दौरान समीर नाग की पैंट की बाईं जेब से एक सफेद रंग का आईफोन बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक, समीर की निशानदेही पर किचन में बर्तनों की ट्रे में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी कट्टा और एक गोली बरामद की गई. वहीं, शुभम कुम्हार के ट्राउजर की बाईं जेब से भी एक गोली मिली. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार समीर नाग उर्फ आदित्य नाग का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ कदमा थाना में 15 जुलाई 2023 को मामला दर्ज किया गया था. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है.












