आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भट्टा बस्ती के मांझी टोला में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुन्ना मुदरी के रूप में हुई है. घर की छत पर काम करने के दौरान वह 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्ना मुदरी बुधवार को अपने घर की छत पर किसी काम में व्यस्त था. इसी दौरान छत के नजदीक से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में वह आ गया. तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद मांझी टोला में मातम पसरा हुआ है. आसपास के लोगों ने भी युवक की असमय मौत पर गहरा दुख जताया. घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घरों और बस्तियों के बेहद करीब से गुजरने वाले हाईटेंशन बिजली तारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि ऐसे खतरनाक तारों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने संबंधित विभाग से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और जरूरी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.












