जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित आवास रीजेंसी सोसाइटी परिसर में आवंटित पार्किंग स्थल पर अस्थायी कार शेड निर्माण को लेकर उपजा विवाद तूल पकड़ गया है. स्थानीय निवासी सत्यनारायण नंदी (पिता- स्वर्गीय कमलाकान्त नंदी, निवासी सी-2/2) ने सोसाइटी के कुछ लोगों पर निर्माणाधीन कार शेड जबरन तोड़ने, गाली-गलौज करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जाँच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. सत्यनारायण नंदी का कहना है कि वे अपने आवंटित पार्किंग स्थल पर गाड़ी की सुरक्षा के उद्देश्य से अस्थायी कार शेड का निर्माण करवा रहे थे. आरोप है कि 27 अक्टूबर को राहुल घोष, सौरभ बनर्जी, सुमन बिस्वास और उज्ज्वल गुहा ने इस निर्माण कार्य का विरोध किया. विरोध के दौरान बात इतनी बढ़ी कि माहौल तनावपूर्ण हो गया और उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई. विवाद बढ़ता देख मौके पर भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरि को बुलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने और आपसी बातचीत से मामला सुलझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई. इसके बाद उपेंद्र गिरि की सलाह पर दोनों पक्ष कदमा थाना पहुँचे ताकि पुलिस के माध्यम से समस्या का समाधान किया जा सके. आरोप है कि जब सत्यनारायण नंदी थाना में थे, उसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनके निर्माणाधीन कार शेड को जबरन तोड़ दिया. जब उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की, तो उन्हें मारपीट करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. पीड़ित निवासी ने सिर्फ शेड तोड़ने ही नहीं, बल्कि सोसाइटी परिसर से जुड़ी कई अन्य अनियमित्ताओं की भी शिकायत की है. उनका आरोप है कि सोसाइटी परिसर में पार्किंग के नाम पर कथित रूप से अवैध पैसों की वसूली की जाती है. परिसर की छत पर बैठकर शराब का सेवन किया जाता है. दुर्गापूजा के दौरान दबाव बनाकर पार्किंग स्थल खाली कराने जैसी गतिविधियां भी हुईं. (नीचे भी पढ़ें)
सत्यनारायण नंदी ने जिला प्रशासन और पुलिस से पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कार शेड तोड़ने, गाली-गलौज करने और धमकी देने वाले आरोपितों की भूमिका की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने तथा उन्हें एवं उनके परिवार को समुचित सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके.












