जमशेदपुर : टाटा पावर ने सौर ऊर्जा और रूफटॉप सोलर को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अनोखी पहल की है. कंपनी ने शॉर्ट-फॉर्म फैमिली स्टोरीटेलिंग पर आधारित 6 एपिसोड की माइक्रो ड्रामा सीरीज “तेरी छत, मेरी छत” लॉन्च की है. इस सीरीज का मुख्य उद्देश्य घरेलू बातचीत और हास्य-व्यंग्य के जरिए रूफटॉप सोलर के फायदों को बेहद सहज और रोचक तरीके से लोगों तक पहुंचाना है. सीरीज की कहानी सिंह परिवार और उनके बेटे राघव के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे नई वर्क-फ्रॉम-होम जॉब मिली है. बार-बार बिजली कटने और बिल बढ़ने की समस्या से परेशान होकर परिवार रूफटॉप सोलर लगाने का फैसला करता है. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, संयुक्त परिवार की छत के बीच दीवार बनी हुई है और धूप के सही इस्तेमाल के लिए दोनों परिवारों को मिलकर सोलर पैनल लगवाना पड़ता है. इसके लिए दोनों जेठानी-देवरानी (पुष्पा और कमला) को आपसी मतभेद भुलाकर एक होना पड़ता है. कहानी के माध्यम से रूफटॉप सोलर से जुड़े आम उपभोक्ताओं के कई अहम सवालों का समाधान बड़े ही स्वाभाविक अंदाज में दिया गया है, जैसे मानसून और आंधी-तूफान में सोलर पैनल की मजबूती, बैटरी स्टोरेज की सुविधा, बिजली बिल में होने वाली बड़ी बचत शामिल है. लॉन्चिंग के मौके पर टाटा पावर की चीफ कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एंड ब्रांडिंग, ज्योति कुमार बंसल ने कहा कि रूफटॉप सोलर को अक्सर लोग तकनीकी नजरिए से देखते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
‘तेरी छत, मेरी छत’ के जरिए हम भारतीय उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ना चाहते थे. हमारा उद्देश्य कोई भारी-भरकम या उपदेशात्मक संदेश देना नहीं, बल्कि पारिवारिक मनोरंजन के जरिए इस विषय को घर-घर तक पहुंचाना है.कुल एपिसोड 06 है, जिसमें औसत रनटाइम 3 मिनट प्रति एपिसोड, कुल समय लगभग 17 मिनट है. इसकी निर्देशक रुखसाना तबस्सुम (बीसी वेबवाइज द्वारा विकसित) है जबकि यह सीरीज यूट्यूब शॉर्ट्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टाटा पावर के ‘घर-घर सोलर’ फेसबुक कम्युनिटी ग्रुप पर उपलब्ध है. टाटा पावर देश के 550 से अधिक शहरों में 5 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन कर चुका है, जिसकी कुल क्षमता 5.6 गीगावाट (GWp) से अधिक है.












