जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार (डीसी ऑफिस) में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जल जीवन मिशन की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के शेष बचे कार्यों को जनवरी 2027 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन में आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) से संबंधित मामलों को लेकर संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय एवं फॉलोअप करने का निर्देश दिया, ताकि विभागीय प्रक्रियाओं के कारण योजनाओं का कार्य प्रभावित नहीं हो. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने सभी मल्टी विलेज स्कीम योजनाओं की प्रगति की प्रत्येक सप्ताह नियमित समीक्षा करने तथा कार्यों में आ रही समस्याओं को चिह्नित कर उनके त्वरित समाधान का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पेयजलापूर्ति से जुड़ी योजनाएं आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं से सीधे जुड़ी है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण की धीमी गति में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों तक शौचालय निर्माण का लाभ पहुंचाने के लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार करते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए. बागबेड़ा एवं शहर से सटे अन्य पंचायत क्षेत्रों में कचरा उठाव एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उपायुक्त ने सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित कचरा उठाव, उचित कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है. इस दिशा में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ठोस पहल की जाए. बैठक में कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, संबंधित जिला समन्वयक एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे.












