जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआइएसएल के सोलर विभाग द्वारा सौर ऊर्जा विनियमों, राज्य सौर नीति एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उभरते रुझानों पर एक संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में विभिन्न उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों, नवीकरणीय ऊर्जा विकासकर्ताओं, सलाहकारों, उपयोगिता सेवाओं तथा विद्युत क्षेत्र से जुड़े लगभग 100 प्रतिनिधियों ने भाग लिया. कार्यक्रम में टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रबंध निदेशक एके भटनागर की उपस्थिति रही. उन्होंने क्षेत्र में नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए सतत विकास एवं हरित ऊर्जा समाधानों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई. कार्यक्रम का मुख्य संबोधन ग्रिडको के निदेशक केसी नंदा द्वारा दिया गया. उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा से संबंधित विनियमों, राज्य सौर नीति, नेट मीटरिंग, ग्रीन एनर्जी ओपन एक्सेस तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.(नीचे भी पढ़े)

तकनीकी सत्रों में वित्तपोषण के विभिन्न मॉडल, परियोजनाओं की व्यवहार्यता, क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों तथा नवीकरणीय ऊर्जा के विकास की भावी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. इस संगोष्ठी में टाटा स्टील लिमिटेड, जेमिपोल, फ्लीटगार्ड,बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड, पीडब्ल्यूसी, एसिया सहित काशीडीह हाई स्कूल एवं मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में उद्योग विशेषज्ञों एवं उपभोक्ताओं के बीच सार्थक विचार-विमर्श हुआ. संगोष्ठी का समापन सतत भविष्य के निर्माण हेतु नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और इसके व्यापक उपयोग को गति प्रदान करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.












