जमशेदपुर : हजारीबाग के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर 304 से 22 अक्टूबर को 28 वर्षीय अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने के मामले ने अब जमशेदपुर में भी लोगों का ध्यान खींचा है. अनुष्का को न्याय दिलाने और मामले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को मानगो डिमना इलाके में पदयात्रा निकाली गई. गौरतलब है कि इस मामले में अनुष्का के पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने मृतका के पति कुशाग्र रुद्र (कुशाग्र रुद्रा राणा) और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
पदयात्रा में बड़ी संख्या में समाजसेवी और महिलाएं शामिल रहे. हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े संदेश लेकर लोगों ने अनुष्का के लिए इंसाफ की आवाज उठाई. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की. पदयात्रा के माध्यम से लोगों ने समाज में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा और दहेज प्रताड़ना के मामलों पर चिंता जताते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई. साथ ही, अनुष्का को न्याय मिलने तक आवाज उठाते रहने का संकल्प लिया.












