चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के दुधियाशोल गांव में जूनियर सपोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को खेला गया. प्रतियोगिता पर गेम ब्रेकर्स फुटबॉल टीम ने कब्जा जमाया. मौके पर समारोह के मुख्य अतिथि विधायक समीर मोहंती ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर मैच का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए श्री मोहंती ने कहा कि खेल से आपसी एकता के साथ साथ शारीरिक और मानसिक विकास होता है. युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर अपना भविष्य बना सकते हैं. युवा नशे से दूर रहकर खेल में रुचि लें और खेल में बेहतर प्रदर्शन कर अपना और क्षेत्र का नाम रौशन करें. उन्होंने विजेता टीम को 14 हजार रुपए और ट्रॉफी और उप विजेता टीम को 9 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया. प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, बलराम महतो, मिथुन कर, बबलू हेंब्रम, तापस दास, लोकनाथ मोहंती, ग्राम प्रधान धनपति सोरेन, कमेटी के रघुनाथ मुर्मू, सोमनाथ टुडू, गोसाईं हांसदा, बाघराय मांडी, सेलिन मुर्मू समेत अन्य उपस्थित रहे.












