आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत मोहनपुर के जंगल में रविवार सुबह पेड़ से लटका एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जंगल की ओर गए कुछ युवकों की नजर पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को नीचे उतरवाया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. हालांकि, ग्रामीणों ने मृतक को पहचानने से इनकार किया है. समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस शव की पहचान कराने के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.












