जमशेदपुर: सिदगोड़ा स्थित भास्कर भवन में रविवार को भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रखर समाजसेवी स्वर्गीय चंद्रशेखर मिश्रा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए अपने-अपने विचार व्यक्त किए.श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का मृदुभाषी स्वभाव, सामाजिक सौम्यता, सहज व्यवहार और सादगी ही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी. राजनीतिक और सामाजिक जीवन में उन्होंने जिस तरह सभी के साथ आत्मीय संबंध बनाए, वह अपने आप में एक मिसाल है.उनके आकस्मिक निधन से न केवल भाजपा परिवार, बल्कि पूरे शहर के सामाजिक और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है. खास बात यह रही कि उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करने वालों में पक्ष और विपक्ष, दोनों विचारधाराओं से जुड़े लोग शामिल रहे.(नीचे भी पढ़े)

वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए कहा कि राजनीतिक जीवन में सामान्यतः विचारधाराओं और मुद्दों को लेकर विरोध स्वाभाविक है, लेकिन चंद्रशेखर मिश्रा के सहज और सौम्य व्यवहार ने उन्हें व्यक्तिगत स्तर पर सभी का प्रिय बनाए रखा. उनके जीवनकाल में व्यक्तिगत विरोधियों का न होना उनकी सामाजिक स्वीकार्यता और मिलनसार व्यक्तित्व को दर्शाता है.सभा के दौरान कई लोग उन्हें याद करते हुए भावुक हो गए. सभी ने एक स्वर में कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का निधन समाज और जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके विचार, व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे.(नीचे भी पढ़े)

श्रद्धांजलि सभा का माहौल पूरी तरह भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से कमल किशोर, राकेश्वर पांडेय, रामबाबू तिवारी, पवन अग्रवाल, निर्मल मिश्रा, सुनील पाठक, नकुल तिवारी, दशरथ चौबे,हरेंद्र मिश्रा, मुन्ना चौबे, डीडी त्रिपाठी,एम एन सिंह, रविन्द्र मिश्रा, एमएन पांडेय, विमल मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा, आनंद मिश्रा, श्याम जी तिवारी, रिंकू मिश्रा, निशांत मिश्रा, रितेश झा, पप्पू उपाध्याय, समेत मिश्रा परिवार के और समाज के हजारों लोग मौजूद रहे.












