सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में रविवार शाम एक ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार एक यात्री ने सुनसान स्थान पर पहुंचते ही चालक मोहम्मद साकिम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल चालक का जमशेदपुर के टीएमएच में इलाज चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, कपाली के ताज नगर निवासी मोहम्मद साकिम रविवार शाम करीब सात बजे ऑटो लेकर रोजी-रोटी के लिए निकले थे. इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे बातचीत कर ऑटो में बैठने की बात कही. चालक ने उसे यात्री समझकर ऑटो में बैठा लिया. कुछ दूर जाने के बाद जब ऑटो सुनसान इलाके में पहुंचा, तभी यात्री ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया. परिजनों को आशंका है कि आरोपी ने लूटपाट की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अचानक हुए हमले के बावजूद मोहम्मद साकिम ने हिम्मत नहीं हारी. गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने ऑटो मोड़ने की कोशिश की. इसी दौरान आरोपी यात्री नीचे गिर गया और वहां से भाग निकला. इसके बाद घायल चालक किसी तरह ऑटो चलाकर सड़क के सामने स्थित एक क्लिनिक पहुंचे. वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. हालांकि, पेट में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी. घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में ऑटो चालकों के बीच असुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.












