जमशेदपुर: टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन के 11वें संस्करण के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आगामी 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के मद्देनजर बुधवार को जमशेदपुर के ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर प्रस्तावित रेस रूट का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आयोजन मार्ग का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. रूट निरीक्षण के दौरान टाटा स्टील के हेड-स्पोर्ट्स कैप्टन मनीष सिन्हा और हेड-सिक्योरिटी गिरिश कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों की टीमें मौजूद रहीं. (नीचे भी पढ़ें)
अधिकारियों ने प्रस्तावित हाफ मैराथन रूट का बारीकी से निरीक्षण किया और आयोजन के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेस मार्ग पर यातायात प्रबंधन की जरूरतों का आकलन करना, संभावित बाधाओं और चुनौतियों की पहचान करना तथा सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देना था. हाफ मैराथन के दौरान बड़ी संख्या में धावकों और दर्शकों के जुटने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस और टाटा स्टील की टीमें आपसी समन्वय से व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इस संयुक्त पहल से आयोजन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने, धावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रतिभागियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. टाटा स्टील और जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए समन्वित प्रयास शुरू कर दिए हैं.












