जमशेदपुर : भाजपा परसुडीह मंडल के तत्वावधान में मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को परसुडीह के गौरी भवन में भव्य कार्यकर्ता मिलन समारोह का सफल आयोजन किया गया. समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह तथा मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां एवं सांसद प्रतिनिधि सह मंडल प्रवासी संजीव कुमार उपस्थित रहे. विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता राम सिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, राम प्रसाद जायसवाल, नीलू मछुआ, संजीव चौरसिया, दीपू शर्मा एवं आलोक भास्कर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब झामुमो के पंचायत अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में कुल 101 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीति, सिद्धांत एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भाजपा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर भाजपा में शामिल होने वाले सभी नए कार्यकर्ताओं का पार्टी का अंगवस्त्र एवं पट्टा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया. साथ ही ऑनलाइन सदस्यता प्रक्रिया के तहत मिस्ड कॉल के माध्यम से सभी नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा गया. नए कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने से परसुडीह मंडल में संगठन को मजबूती मिलने की बात कही गई. (नीचे भी पढ़ें)

खासमहल-गोविंदपुर सड़क निर्माण को लेकर पदयात्रा और आंदोलन करेगी भाजपा : अभय सिंह
मुख्य अतिथि भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने अपने संबोधन में खासमहल से गोविंदपुर तक सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क की समस्या से परेशान है. इस समस्या के समाधान एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए भाजपा खासमहल चौक से गोविंदपुर तक पदयात्रा रैली निकालकर जोरदार आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा हमेशा जनता के साथ खड़ी है और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान : दुलाल भुइयां
मुख्य वक्ता झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने अपने संबोधन में भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ काम करें. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने झामुमो सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड को लूट-खसोट और भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाना होगा. आगामी विधानसभा चुनाव मेंझारखंड मुक्ति मोर्चा को पराजित कर भाजपा का परचम लहराना तथा झारखंड की जनता को वर्तमान सरकार से मुक्ति दिलाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, जिला महिला मोर्चा की नीलू मछुआ एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राम सिंह मुंडा ने भी अपने विचार व्यक्त किए. वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता, जनसमस्याओं के समाधान तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने की. मंडल महामंत्री अजय सिंह ने पूरे कार्यकर्ता मिलन समारोह का सफल संचालन किया, जबकि मंडल महामंत्री विजय विश्वकर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से विनोद कुमार सिंह, राजेश प्रताप सिंह, राधेश्याम सिंह, मनोज वर्णवाल , परशुराम साव, सुभाष स्वर्णकार , रुद्र मुंडा, अशोक सिन्हा, कुमकुम सिंह , माला मुंडा ,विजय विश्वकर्मा, अजय सिंह, कृष्णा राय, शुक्ला हल्दर, दुर्गा सेनापति, संजीव ठाकुर ,कपिल शर्मा, सुनील वर्णवाल , मोहन सिंह , दीपक करवा ,दीपक बरनवाल, विश्वजीत चक्रवर्ती सहित परसुडीह मंडल के अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कार्यकर्ता मिलन समारोह का समापन संगठन की मजबूती, नए कार्यकर्ताओं के स्वागत तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ.












