चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 के मुंडा बहुल गांव सोनाहारा गांव के ग्रामीण वर्षो से विभिन्न सुविधाओं का लाभ पाने से वंचित थे. ग्रामीणों ने गांव में पेयजल, लाइट, नाली और सामुदायिक भवन मरम्मत कराने समेत अन्य समस्याओं से नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा से अवगत कराकर जल्द समाधान करने की मांग की थी. लोगों की समस्याओं से अवगत होकर उपाध्यक्ष श्री मिश्रा, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा और सिटी मैनेजर के साथ गांव पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया. मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी श्री बानरा ने आश्वस्त किया कि जल्द ही गांव में पंप हाउस निर्माण करवाकर लोगों को हर घर नल जल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि गांव में लाइट की व्यवस्था, जर्जर सामुदायिक भवन का मरम्मत किया जाएगा और गांव से पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण करवाया जाएगा. मौके पर पार्षद मलय रूहीदास, सिटी मैनेजर अनंत खलखो, कनिय अभियंता रोहित लकड़ा समेत अन्य उपस्थित थे.












