जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के रघुवर मार्केट में शनिवार की दोपहर को अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की तीन से चार दुकानें इसकी चपेट में आ गईं. इस घटना में दुकानों में रखा सामान जलकर बर्बाद हो गया. दुकानदारों ने करीब 10 से 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मार्केट परिसर में जमा कचरे में अचानक आग लगी थी. कचरे के बीच एक पुराना टायर भी पड़ा हुआ था. आग की लपटें टायर तक पहुंचने के बाद तेजी से फैलने लगीं. देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा. अग्निशमन कर्मियों ने काफी देर तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक कई दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो चुका था. (नीचे भी पढ़ें)
आग से बर्तन, अंडे समेत अन्य सामान की दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है. अचानक हुई इस घटना से प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 10 से 15 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है. घटना के बाद मार्केट के दुकानदारों में मायूसी है.












