जमशेदपुर : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने गुमला की आदिवासी युवती निशा भगत की मौत को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने घटना को राज्य सरकार की विफलता बताते हुए पूरे मामले की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की. श्री साहू ने कहा कि राज्य सरकार खुद को आदिवासियों की सरकार बताती है, लेकिन प्रदेश में एक आदिवासी बेटी की मौत के बाद भी सरकार का कोई प्रतिनिधि उसके परिजनों से बात करने तक नहीं पहुंचा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासियों के हितों की रक्षा नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों की सरकार नहीं, बल्कि लुटेरों की सरकार चल रही है. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि राज्य सरकार में थोड़ी भी संवेदनशीलता है तो उसे तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित करना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआइ जांच की अनुशंसा करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि निशा भगत अपने आदिवासी समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही थी. इसके बावजूद उनके साथ हुई घटना को लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं. आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज की आवाज उठाने वाली एक बेटी की मौत के बाद भी सरकार की ओर से संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई. उन्होंने राज्य सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.












