जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में मंगलवार दोपहर हुए 20 वर्षीय निखिल डे हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. हालांकि, मामले का मुख्य आरोपी करण सुरेन उर्फ डेले अब भी फरार है.जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दोपहर करीब 2.30 बजे पुलिस को कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में एक युवक की हत्या की सूचना मिली. थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल की घेराबंदी कर छापेमारी की और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया. मृतक की पहचान सोमनाथ डे के पुत्र निखिल डे के रूप में हुई है.(नीचे भी पढ़े)

मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 331/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई. इसमें करण सुरेन उर्फ डेले को नामजद किया गया है.पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों गणेश मुर्मू उर्फ डेबो (20), निवासी हरिओम नगर, इंद्रा बस्ती तथा अजीत सुरेन उर्फ गुडरू (19), निवासी नुवागोड़ा ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, निखिल और मुख्य आरोपी करण पहले दोस्त थे, लेकिन आपसी विवाद के बाद करण उससे रंजिश रखने लगा था. इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई. वारदात का वीडियो भी बनाया गया था.पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं. फरार मुख्य आरोपी करण की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.












