जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 15 में मछली खरीदने गई महिला शबनम बुधवार सुबह सड़क हादसे की शिकार हो गईं. परिवार का आरोप है कि शबनम अपनी स्कूटी से मछली खरीदने पहुंची थीं तभी पीछे से आई मानगो नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी. टक्कर लगने से वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं. शबनम रोड नंबर 17 की रहने वाली हैं.जानकारी के मुताबिक वह सुबह घर से काम के लिए निकली थीं और करीब 8:30 बजे मछली खरीदने के लिए जवाहर नगर रोड नंबर 15 पहुंची थीं.इसी दौरान यह हादसा हुआ. घटना के बाद आसपास के लोगों ने नगर निगम की गाड़ी को रुकवाया. (नीचे भी पढे)
परिवार का कहना है कि चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी.सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को पहले अस्पताल ले जाकर इलाज कराने की सलाह दी. इसके बाद परिजन उन्हें एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है.शबनम के पति का कहना है कि दोनों पति-पत्नी काम करके घर का खर्च चलाते हैं. उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि इलाज का पूरा खर्च आसानी से उठा सकें. परिवार ने नगर निगम से मांग की है कि हादसे में घायल महिला के इलाज के लिए आर्थिक मदद दी जाए.












