जमशेदपुर: टेल्को स्थित आम बागान छठ पूजा समिति की ओर से बुधवार को अक्षय नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर आंवला वृक्ष के पास विशेष पूजा-अर्चना, कथा एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे आंवला वृक्ष के समीप विधिवत पूजा और कथा के साथ हुई. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने का विशेष महत्व है. इस दिन पूजा-अर्चना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है. श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया.(नीचे भी पढ़े)

इस मौके पर समिति के अध्यक्ष संजय सिंह हितैषी ने बताया कि धार्मिक आयोजन के बाद दोपहर एक बजे से महाभोग एवं महाप्रसाद वितरण किया गया.समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया. आयोजन में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा.इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आरडी राय, विनय झा, सुबोध सिंह, मुकेश राय, बिनोद सिंह एवं हेमंत सिंह सहित समिति के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. समिति के सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत होती है.












