जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए शुक्रवार दोपहर खड़े एक ऑटो की बैटरी चोरी कर ली. घटना अस्पताल के पिछले हिस्से में हुई. ऑटो चालक को चोरी की जानकारी तब मिली, जब वह यात्रियों के साथ वापस लौटा और ऑटो स्टार्ट करने का प्रयास किया. चालक ने तत्काल अस्पताल परिसर में तैनात होमगार्ड जवानों को इसकी सूचना दी. जवानों ने आसपास छानबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला. मानगो निवासी ऑटो चालक कुछ यात्रियों को लेकर अस्पताल आया था. (नीचे भी पढ़ें)
यात्रियों के मरीज को देखने जाने के दौरान उसने ऑटो परिसर में खड़ा किया था. हालांकि, चालक ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया. बताया जाता है कि भारी बारिश के कारण ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान अस्पताल के मुख्य हिस्से में बने पार्किंग स्थल की निगरानी कर रहा था. इसी दौरान पिछले हिस्से में निगरानी नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि अस्पताल के पिछले हिस्से में चहारदीवारी नहीं होने के कारण आसपास की बस्तियों से असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है. पूर्व में भी इस हिस्से से चोरी की घटनाओं की आशंका जताई जाती रही है. ऐसे में अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पिछले हिस्से में चहारदीवारी निर्माण की जरूरत एक बार फिर सामने आई है.













