जमशेदपुर : दक्षिण भारतीय महिलाओं के प्रतिष्ठित संगठन, दक्षिणा भारत महिला समाज (डीबीएमएस) की स्थापना के गौरवशाली 80 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को कदमा डीबीएमएस हाई स्कूल स्थित कलाकृति सभागार में भव्य समारोह आयोजित हुआ. यह ऐतिहासिक अवसर महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, सामाजिक विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति संस्था के आठ दशकों के समर्पित योगदान का प्रतीक बना. इस समारोह में टाटा स्टील कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम की धर्मपत्नी शैलजा सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, डेज़ी ईरानी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई. इस ऐतिहासिक अवसर पर संस्था से जुड़ीं अनेक पूर्व पदाधिकारी एवं वरिष्ठ सदस्य देश के विभिन्न हिस्सों से विशेष रूप से शामिल होने पहुंचीं. (नीचे भी पढ़ें)

वर्ष 1946 में दक्षिण भारत से विवाह के पश्चात जमशेदपुर आईं कुछ महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता तथा आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति के उद्देश्य से इस संस्था की स्थापना की थी. इसकी संस्थापक श्रीमती भानुमति नीलकंठन और उनकी समर्पित सहयोगियों के दूरदर्शी प्रयासों ने एक ऐसी संस्था की नींव रखी, जो आज शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली प्रतिष्ठित संस्था बन चुकी है. समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके पश्चात समाज की अध्यक्ष प्रिया नागराजन ने आगत अतिथियों, सदस्यों एवं पूर्व पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया. विशेष रूप से उन वरिष्ठ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया, जो इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए देश के विभिन्न भागों से पहुंची थीं. डीबीएमएस ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता चंद्रशेखर ने अपने भावपूर्ण संबोधन में संस्था की प्रेरणादायी यात्रा को स्मरण करते हुए दक्षिण भारतीय महिलाओं की कई पीढ़ियों के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया. उन्होंने बताया कि किस प्रकार महिलाओं के व्यक्तित्व विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से प्रारंभ हुई यह पहल धीरे-धीरे शिक्षा और व्यापक सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में भी विस्तारित होती गई. (नीचे भी पढ़ें)

डीबीएमएस ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ बी चंद्रशेखर ने डीबीएमएस के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक संस्थानों की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि लगभग छह दशक पूर्व डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल की स्थापना हुई. इसके बाद हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए डीबीएमएस गर्ल्स स्कूल तथा लगभग 23 वर्ष पूर्व डीबीएमएस कदमा स्कूल की शुरुआत की गई. समावेशी शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए वंचित वर्ग के बच्चों को भी समान आधारभूत सुविधाओं एवं संसाधनों के साथ निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है. डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षक तैयार कर इस शैक्षणिक अभियान को आगे बढ़ा रहा है. डीबीएमएस ट्रस्ट एवं समाज समिति का नेतृत्व संस्था की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. डीबीएमएस ट्रस्ट के न्यासी मंडल में संरक्षिका के रूप में भानुमति नीलकंठन, अध्यक्ष के रूप में डॉ बी चंद्रशेखर एवं ललिता चंद्रशेखर, संयुक्त अध्यक्ष कमला सुब्रमण्यम, उपाध्यक्ष गीता मोहनदास तथा सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन शामिल हैं. न्यासी मंडल की सदस्य के रूप में अर्चना रमेश एवं अनिता रामकृष्णन अपनी भूमिका निभा रही हैं. समाज समिति का नेतृत्व अध्यक्ष प्रिया नागराजन, उपाध्यक्ष चित्रा कृष्णन, सचिव राधा श्रीनिवासन एवं कोषाध्यक्ष रजनी सुंदर कर रही हैं. इन सभी के सामूहिक प्रयास संस्था के मूल उद्देश्यों एवं आदर्शों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने डीबीएमएस की 80 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित एक स्मारिका का भी विमोचन किया. इसमें संस्था के विभिन्न विभागों से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों के लेख, संस्मरण, विचार और अनुभव संकलित हैं, जो संस्था की समृद्ध विरासत और उपलब्धियों को सजीव रूप में प्रस्तुत करते हैं. समारोह का मुख्य आकर्षण ‘प्रकृतिरेव शरणम्’ (प्रकृति ही हमारा एकमात्र आश्रय है) विषय पर आधारित भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति रही. प्रकृति के पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—पर केंद्रित इस कार्यक्रम ने मानव जीवन और प्रकृति के बीच के गहरे सामंजस्य को अभिव्यक्त किया. डीबीएमएस के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला प्रतिभा और सांस्कृतिक समझ का परिचय दिया. (नीचे भी पढ़ें)
समाज की महिला सदस्यों द्वारा प्रस्तुतत आकर्षक नृत्य में एकता, सामूहिकता और नारी शक्ति का सुंदर संदेश समाहित था. डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की ओर से पांचों प्राकृतिक तत्वों के महत्व और उनके पारस्परिक सामंजस्य को दर्शाती एक विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया. कार्यक्रम का एक अन्य विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध गायिका राजलक्ष्मी संजय की मधुर संगीत प्रस्तुति रही. उनकी सुरीली आवाज़ और भावपूर्ण गायन ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्य अतिथि शैलजा सुंदरम रामम ने उन्हें सम्मानित किया. राधा श्रीनिवासन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ. इस ऐतिहासिक समारोह में संस्था की संस्थापक भानुमति नीलकंठन, अनिता रामकृष्णन, श्रीप्रिया धर्मराजन, गीता मोहनदास, कमला सुब्रमण्यम, डीबीएमएस के सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य एवं शिक्षक-कर्मचारी, पूर्व पदाधिकारी तथा समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे.












