जमशेदपुर : जर्जर सड़क से परेशान स्कूली बच्चों के धरने का असर महज दो दिनों में दिखा. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 23 अंतर्गत आजादनगर रोड नंबर-5 की मल्लिक कॉलोनी में सड़क निर्माण का कार्य आज शुरू हो गया. डॉ अयूब खान के घर से भैया पान दुकान तक बनने वाली इस सड़क का निर्माण विधायक निधि से कराया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व, रविवार को सड़क की बदहाली से परेशान स्थानीय बच्चे धरने पर बैठ गए थे. बच्चों का कहना था कि जर्जर सड़क के कारण उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है. उन्होंने घोषणा की थी कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं होगा, वे प्रत्येक रविवार को धरना जारी रखेंगे. बच्चों के धरने की जानकारी मिलते ही विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. उन्होंने बच्चों को बताया कि सड़क निर्माण की अनुशंसा वे दो माह पूर्व ही अपनी विधायक निधि से कर चुके हैं तथा अगले दो दिनों में काम शुरू हो जाएगा. विधायक के आश्वासन के अनुरूप बुधवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है. लोगों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लड्डू वितरित किए. वार्ड संख्या 23 की पार्षद होमा आफरीन सहित स्थानीय नागरिकों ने इसके लिए विधायक सरयू राय का आभार जताया है. इस अवसर पर मानगो नगर निगम जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, वार्ड संख्या 23 की पार्षद होमा आफरीन, वार्ड संख्या 28 की पार्षद जेबा फरीन, वार्ड संख्या 21 की पार्षद इरफाना खातून, वार्ड संख्या 24 के पार्षद नुरुल हक अंसारी, पिंटू सिंह, आफताब अहमद सिद्दीकी, फिरोज आलम, सन्नी मिर्जा, मुकेश सिंह सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित थे.















