जमशेदपुर : झारखंड पुलिस ने हद कर दी. झारखंड के सिमडेगा पुलिस ने पाकरटांड़ थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में पत्रकार अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उन्हें जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके के जेआरडी टाटा स्पोर्टस काम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी बुधवार की रात की गई. इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य नामजद आरोपी दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर चुकी है. सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पाकरटांड़ थाना में दर्ज कांड संख्या 25/2026 में अभिषेक भारती आरोपी हैं. यह मामला सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग किशोरी से जुड़ा है. किशोरी के दादा ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी में दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती पर किशोरी का अपहरण कर उस पर दबाव बनाने तथा विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

मामले की जांच के दौरान सिमडेगा पुलिस ने छापेमारी कर दिलीप तिर्की को रांची के जोन्हा जंगल से गिरफ्तार किया था. इसके बाद पुलिस ने दूसरे नामजद आरोपी अभिषेक भारती की तलाश शुरू की. इसी क्रम में बुधवार की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. आपको बता दे कि पत्रकार अभिषेक भारती ने हीं सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का खबर लगाई थी जिसके बाद उल्टे पुलिस ने पत्रकार के खिलाफ केस दायर कर अब उसको गिरफ्तार भी कर लिया है.












