जमशेदपुर : पोटका विधायक संजीव सरदार के खिलाफ सुवर्णरेखा नहर मंडल, चांडिल के कार्यपालक अभियंता शिवराम गागराई एवं सहायक अभियंता विजय तिर्की द्वारा लगाए गए कथित आरोपों के मामले में अब विशेषाधिकार हनन एवं सदन की अवमानना की कार्रवाई शुरू होगी. विधायक संजीव सरदार की ओर से इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई थी. अब कार्रवाई की स्वीकृति मिलने के बाद मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. विधायक संजीव सरदार ने अपने पत्र में विधानसभा अध्यक्ष को बताया था कि पोटका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुवर्णरेखा परियोजना की एलए-2021 योजना के क्रियान्वयन से संबंधित अनियमितताओं एवं ग्रामीणों की गंभीर शिकायतों के संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब किया था तथा समस्याओं के निष्पक्ष जांच और समाधान की मांग की थी. (नीचे भी पढ़े)
इसी क्रम में ग्रामीणों की शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों से जवाबदेही सुनिश्चित करने के दौरान संबंधित दोनों अधिकारियों की ओर से विधायक के विरुद्ध मारपीट का कथित आरोप लगाया गया. विधायक ने इसे निराधार एवं तथ्यहीन बताते हुए कहा था कि इस प्रकार के आरोप निर्वाचित जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा, गरिमा एवं विधायी दायित्वों को प्रभावित करने वाले हैं. विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन एवं सदन की अवमानना के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने तथा मामले को विशेषाधिकार समिति को संदर्भित करने का अनुरोध किया था. अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि जनहित में ग्रामीणों की समस्याएं उठाने और विभागीय अधिकारियों से जवाबदेही मांगने वाले जनप्रतिनिधि को आरोपों के माध्यम से अपमानित करने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है. कार्रवाई की स्वीकृति के बाद अब संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.















