चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला की चक्रधरपुर के सेरसा स्टेडियम में 30वें ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट डीआरएम कप का आगाज 28 नवंबर से होगा. दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संगठन, चक्रधरपुर की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की 14 टीमें अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 11 दिसंबर को खेला जाएगा.इसे लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल कार्यालय में शुक्रवार को डीआरएम तरुण हुरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वर्ष 1976-77 से आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट चक्रधरपुर की खेल संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा बन चुका है. तीन दशक से अधिक समय से आयोजित इस प्रतियोगिता ने फुटबॉल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है.इस वर्ष मोहम्मडन स्पोर्टिंग जैसी प्रतिष्ठित टीम की भागीदारी प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण रहेगी. (नीचे भी पढ़े)
सभी मुकाबले प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से खेले जाएंगे.दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में पेयजल, बेहतर रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.मैदान में लगभग 60 लूनर लाइट लगाई गई हैं, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. सामान्य दिनों के लिए गैलरी टिकट की कीमत 50 रुपये और कुर्सी टिकट की कीमत 100 रुपये निर्धारित की गई है. वहीं, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए टिकट की दरें अलग होंगी.दर्शकों के लिए सीजन टिकट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. डीआरएम ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की. साथ ही उन्होंने दर्शकों से मैच के दौरान अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया.टूर्नामेंट को लेकर स्टेडियम में रंग-रोगन, मैदान का समतलीकरण, दर्शक दीर्घा की मरम्मत और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह जुटा हुआ है. इस मौके पर रेल मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद थे.












