जमशेदपुर: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 837वां नेत्र शिविर 28 से 30 नवम्बर तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान में आयोजित किया जायेगा. यह शिविर स्व. रसिकलाल छगनलाल आडेसरा एवं स्व. कंचन बेन आडेसरा की स्मृति में, छगनलाल दयाल जी सन्स ज्वेलर्स लिमिटेड के संयोजन में आयोजित हो रहा है.तीन दिवसीय इस नेत्र शिविर के पहले दिन, शनिवार 28 नवम्बर को नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की जायेगी. जांच के उपरांत ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों का रविवार 29 नवम्बर को मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जायेगा. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, सोमवार 30 नवम्बर को ऑपरेशन कराये मरीजों की आंखों की पट्टी खोली जायेगी तथा अंतिम जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं चश्मा प्रदान किया जायेगा. साथ ही, ऑपरेशन के बाद आंखों की देखभाल एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देकर मरीजों को विदा किया जायेगा. इसकी जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने रेड क्रॉस के सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद नेत्र रोगियों को इस शिविर की जानकारी दें तथा उन्हें शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आंखों के उपचार से वंचित न रहे.















