जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो की परमेश्वर कॉलोनी स्थित बहुमंजिली इमारत ‘लोटस रेज़िडेंसी’ से निकलने वाले दूषित सिवरेज के पड़ोसी के घर में प्रवेश करने की गंभीर समस्या को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से विधिसम्मत कार्रवाई करने का आग्रह किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त भवन में सिवरेज एवं ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मलयुक्त पानी सड़क पर बहता है और पड़ोस में रहने वाले चंद्रशेखर प्रसाद सिंह के घर में घुस जाता है. सरयू राय ने उपायुक्त को भेजे पत्र में लिखा कि चंद्रशेखर प्रसाद सिंह ने उन्हें पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया है. उनके अनुसार, लोटस रेज़िडेंसी के निर्माण के समय से ही यह समस्या बनी हुई है. साल भर दूषित पानी के बहाव से परेशानी होती है, जबकि बरसात के दिनों में स्थिति अत्यंत नारकीय हो जाती है और परिवार को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सरयू राय के अनुसार, लोटस रेज़िडेंसी का निर्माण स्वीकृत नक्शे के बिना किया गया है. मानगो एवं जमशेदपुर में ऐसी अनेक बहुमंजिली इमारतें हैं, जिनका निर्माण नियमों की अनदेखी कर हुआ है. (नीचे भी पढ़े)

लेकिन लोटस रेज़िडेंसी की स्थिति विशेष रूप से गंभीर है, क्योंकि इसमें सिवरेज और ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दूषित पानी लगातार सड़क पर फैलता रहता है तथा पड़ोसी के घर में प्रवेश करता है. इस समस्या का विरोध पूर्ववर्ती मानगो नोटिफाइड एरिया कमिटी के समय से ही स्थानीय लोग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. आरोप है कि भवन निर्माण से जुड़े लोगों के प्रभाव के कारण इस समस्या पर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो सकी है. सरयू राय ने पत्र में भवन निर्माता के राजनीतिक एवं पारिवारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रभावों के कारण नियमों की अनदेखी के बावजूद कार्रवाई नहीं होना चिंताजनक है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मानगो की वर्तमान महापौर सुधा गुप्ता ने इसी लोटस रेज़िडेंसी के एक फ्लैट को अपना आवासीय पता बताया है. विधायक ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि मामले की जांच कर भवन के निर्माण, नक्शा स्वीकृति तथा सिवरेज-ड्रेनेज व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का पता लगाकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए. उन्होंने दूषित बहिस्राव के कारण पड़ोसी परिवार के जीवन को प्रभावित करने को गंभीर मामला बताते हुए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक आपराधिक कार्रवाई करने की भी मांग की है. पत्र की प्रतिलिपि अपर नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है.















