जमशेदपुर : शहर के साकची स्थित आम बगान इलाके में पहली बार दुर्लभ प्रजाति के ब्राउन वाइन स्नेक दिखाई दिया. इलाके में सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में उत्सुकता बढ़ गई. इसके बाद स्नेक रेस्क्यू टीम जमशेदपुर के संस्थापक एवं स्नेक रेस्क्युअर चंदन पाठक मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया. रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया.(नीचे भी पढ़ें)
चंदन पाठक ने बताया कि ब्राउन वाइन स्नेक का वैज्ञानिक नाम अहैतुल्ला पुलवेरुलेंटा है. यह कोलुब्रिडी परिवार का सांप है, जो मुख्य रूप से पेड़ों और झाड़ियों में रहना पसंद करता है. इसका शरीर बेहद पतला और लंबा होता है. भूरे रंग के कारण यह पेड़ों की सूखी टहनियों और लताओं के बीच आसानी से छिप जाता है. इसका मुख्य भोजन छिपकलियां और अन्य छोटे जीव हैं. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: jamshedpur jdu : जमशेदपुर के जदयू महिला मोर्चा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, 19 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
यह सांप सामान्यतः शर्मीले स्वभाव का होता है और इंसानों से दूरी बनाए रखना पसंद करता है. खतरा महसूस होने पर यह हमला करने के बजाय बचकर निकलने की कोशिश करता है. चंदन पाठक ने लोगों से अपील की कि किसी भी सांप को देखकर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें. सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्युअर को सूचना दें. उन्होंने कहा कि सांप भी पर्यावरण के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.















