जमशेदपुर: सीएसआईआर राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला जमशेदपुर ने जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाका कुमिर पंचायत के बारुबेड़ा स्थित गोलकाटा प्राथमिक विद्यालय में विज्ञान एवं सामुदायिक जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया. कार्यक्रम में जन जागरूकता सत्र, स्वास्थ्य जांच शिविर और स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला गतिविधियां आयोजित की गई.जनजातीय गौरव दिवस 2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. परीक्षित मुंडा ने अपने संबोधन में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने जनजातीय समुदायों के सम्मान और अधिकारों के लिए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद किया. डॉ. मुंडा ने कहा कि इस कार्यक्रम ने वैज्ञानिकों, ग्रामवासियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा करने और उन्हें पूरा करने में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भूमिका समझने का अवसर दिया.(नीचे भी पढ़े)

जन जागरूकता सत्रों में सीएसआईआर–एनएमएल के प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने सरकारी योजनाओं, शैक्षिक अवसरों, संवैधानिक प्रावधानों और आरक्षण नीतियों की जानकारी दी. डॉ. शर्मा पासवान ने सीएसआईआर के कार्यों और जनजातीय समुदायों की आजीविका में उपयोगी प्रौद्योगिकियों के बारे में बताया. यूसी उरांव ने साफ-सफाई, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल पर चर्चा की. डॉ. सुमन तिवारी ने विद्यार्थियों और युवाओं को आगे की पढ़ाई, कौशल विकास, करियर के विकल्पों और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया.डॉ. प्रियंका सिंह और अशोक शॉ ने स्वास्थ्य जांच शिविर का संचालन किया. श्रीमती वाई उषा के समन्वय में आयोजित ‘बैठो और चित्र बनाओ’(सिट एंड ड्रॉ) गतिविधि में बच्चों को ग्रामीण जीवन, स्थानीय त्योहारों और अपने आसपास के प्राकृतिक परिवेश को चित्रों में उकेरने के लिए प्रोत्साहित किया गया. सीएसआईआर–एनएमएल ने सामुदायिक योगदान के लिए कुमिर पंचायत के विशिष्ट सदस्यों को भी सम्मानित किया.डॉ. मुंडा ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों और सीएसआईआर–एनएमएल के अपने सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.















