जमशेदपुर: आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया. इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को एक मंच प्रदान करना था. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थापक शंभूनाथ महतो एवं प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया गया. इस प्रदर्शनी में कक्षा प्रथम से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े कई आकर्षक और कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए. (नीचे भी पढ़े)

छात्रों द्वारा बनाए गए प्रमुख मॉडलों में सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, रोबोटिक्स, पर्यावरण सुरक्षा, बायो-डीजल, और स्मार्ट सिटी के मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे.अतिथियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया. छात्रों ने बड़े आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उनके सामाजिक लाभों के बारे में विस्तार से समझाया, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की. कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडली द्वारा सर्वश्रेष्ठ मॉडलों का चयन किया गया और विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में छात्रों की कड़ी मेहनत और विज्ञान विभाग के शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में नवाचार की भावना को बढ़ावा देते हैं.















