जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित फोटो मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत वर्तमान में प्रक्रियाधीन दावा एवं आपत्ति, नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया तथा संशोधित कार्यक्रम की जानकारी प्रतिनिधियों को दी गई. बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों के लिए निर्धारित समय-सीमा में किए गए विस्तार से अवगत कराया गया. संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 15 दिसंबर 2026 को नोटिस एवं दावा-आपत्तियों के निष्पादन की तिथि निर्धारित की गई है, जबकि 22 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने बताया कि वैसे मतदाता, जिन्हें एएसडीडी सूची में चिन्हित किए जाने के कारण प्रारूप मतदाता सूची में स्थान नहीं मिल पाया है, उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष पहल की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि उनके संज्ञान में ऐसे कोई मतदाता हों, जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन नहीं किया है, तो इसकी जानकारी संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ अथवा जिला निर्वाचन पदाधिकारी को 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जा सके. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी अपील की कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित नहीं रहे, इसके लिए राजनीतिक दल अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार करें. योग्य नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in अथवा इसीआइनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज एवं घोषणा पत्र के साथ मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अब तक मिले सहयोग की सराहना करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम के अनुरूप कार्यों के निष्पादन में भी सहयोग की अपील की, ताकि जिले में स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके. धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्यवाही संपन्न हुई. बैठक में ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह उपस्थित रहीं.















