
संतोष वर्मा
Chaibasa : जिले के टोंटो प्रखंड में आयोजित अंत्योदय जन चौपाल में राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. मुख्यमंत्री रघुवर दास जन चौपाल में जहां ग्रामीणों को विकास योजनाओं की जानकारी दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और झामुमो पर जम कर हमला बोल रहे थे. जन समस्याओं की जानकारी और क्षेत्र के विकास के लिए लोगों से सीधा संवाद कर ग्रामीणों से रू-ब-रू भी हुए. ग्रामीणों ने बारी-बारी से अपनी समस्याओं और जिला प्रशासन द्वारा किये जा विकास कार्यों की पोल खोलनी शुरू की, तो मुख्यमंत्री रघुवर दास अबाक रह गये. शिकायतें सुनने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कड़े तेवर में कहा कि आप लोग केवल शहर में घूम रहे हो और गांव में नजर नहीं आते. जनता के पैसे से आपको वेतन दिया जाता है, मुझे बेवकूफ बना रहे हो और हराम की तनख्वाह लेना बंद करो. साथ ही जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) के साथ बैठक कर सभी बीडीओ को प्रशिक्षण देने को कहा गया. वहीं मामला तब गरमाया जब सान झींकपानी की शिवानी कारूवा और तालाबुरू टोंटो की लक्षमी हेस्सा नें भरी जन चौपाल में कहा कि गांव में केवल 70-80 शौचालय ही बना है, जबकी गांव की आधी अबादी में अब तक शौचालय नहीं बना है. साथ ही राशन कार्ड नहीं बनाये गये, प्रधानमंत्री आवास आधा-अधूरा बना है और कई लाभुकों को अब तक पीएम अवास नहीं मिला आदि. कई मामले उठाने के बाद मुख्यमंत्री के तेवर तल्ख हो गये. जनता से उन्होंने कहा कि आप जगो सरकार ने योजना बनायी है, अधिकारी कुर्सी तोड़ रहें है, आपके अंदर योजना लेने की भूख जगनी चाहिए. वहीं मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को गांव-गांव घूमने का आदेश दिया. कहा कि गांव जाओ और योजनाओं को धरातल पर लाओ. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारी को काम नहीं करना है वैसे अधिकारी वीआरएस ले लें अन्यथा सरकार वीआरएस दे देगी. जब टोंटो प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी देवराम भगत के कार्य-कलापों की जानकारी जन चौपाल में स्वंय सहायता समूह की महिला द्वारा दी गयी, मुख्यमंत्री ने टोंटो प्रखंड के बीडीओ को वीआरएस दे कर रिजाइन देने को कहा. वहीं एसीसी कंपनी के विरुद्ध चोया पंचायत की मुखिया ने कंपनी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि हम जमीनदाता की बेटी हैं, मगर तीन बार जमीन देने के बाद भी कंपनी ने धोखा दिया है. निर्धारित मुआवजा नहीं दिया गया और नौकरी भी नहीं दी गयी. कंपनी प्रबंधन ने पढ़ा-लिखा नहीं होने की बात कह कर टाल दिया. इस पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सभी जमीनदाता को नौकरी मिलेगी. हमने कंपनी का लीज को रोक रखा है. मुख्यमंत्री ने डीडीसी से एसीसी कंपनी के द्वारा किये गये भूमि अधिग्रहरण के मामले पर रिपोर्ट देने को कहा. वहीं सिरेंगसिया गांव की एक महिला ने शहीद स्मारक स्थल का सौंर्दिकरण करने की मांग की. साथ ही गांव में पाइप लाइन से पेयजलापूर्ति की मांग तथा पुल निर्माण करने की मांग की. कई सखी मंडल की महिलाओं ने सरकार के काम-काज को सराहा. वहीं झीकपानी सिरेंगसिया होते हुए जैंतगढ़ रोड निर्माण के जमीन दाताओं को अब तक विभाग ने मुआवजा नहीं दिया है. इस शिकायत पर जमीनदाताओं का कागजात लिया और कहा सभी के पैसे का शीघ्र भुगतान कर दिया जायेगा.



