
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव का आगाज हो चुका है. अब पहले रिटर्निंग ऑफिसर का चुनाव होना है. इस कड़ी में पहले अध्यक्ष के पद पर संजीव चौधरी टुन्नु के नाम की घोषणा कर अपने मंसूबे को जाहिर करने वाली विपक्ष की टीम ने अब रिटर्निंग ऑफिसर के नाम की भी घोषणा सोमवार को कर दी. टाटा वर्कर्स यूनियन के सभागार में सोमवार को हुए ऑफिस बियरर्स की मीटिंग में यह निर्णय हुआ है कि वर्ष 2021 के लिए चुनाव की प्रक्रिया की शुरुआत की जाए. चुनाव के प्रथम चरण में रिटर्निंग ऑफिसर समेत 6 सदस्य वाली चुनाव समिति के लिए गुप्त मतदान द्वारा चुनाव होना है. इस कड़ी में संजीव चौधरी टुन्नु और सतीश सिंह की विपक्षी टीम ने रिटर्निंग ऑफिसर के चुनाव में प्रत्याशी के रूप में फायर ब्रिगेड एंड सेफ्टी विभाग के कमेटी मेंबर संतोष कुमार सिंह को रिटर्निंग ऑफिसर का उम्मीदवार घोषित किया है. संजीव चौधरी और सतीश सिंह ने अपनी टीम का पूर्ण मतदान देकर संतोष सिंह को जीताने का निर्णय लिया है. संतोष कुमार सिंह सेफ्टी विभाग में सेफ्टी ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं. वह 2001 बैच के ट्रेड अप्रेंटिस हैं और इसके साथ ही मैकेनिकल डिप्लोमा समेत इंडस्ट्रियल सेफ्टी में पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा की योग्यता रखते है. एक युवा कर्मठ और निष्पक्ष कमेटी मेंबर के रूप में श्री सिंह को स्टील वर्क्स के विभिन्न विभागों में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है. टीम को यह पूर्ण विश्वास है कि वह बिना किसी भेदभाव के एक स्वच्छ और निष्पक्ष वातावरण में टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव करा पाने में पुण्य सक्षम रिटर्निंग ऑफिसर साबित होंगे. टुन्नु-सतीश की विपक्षी टीम ने जल्द ही चुनाव समिति के 6 सदस्यों के नाम पुनः अपने कमेटी मेंबर सहयोगी साथियों के विचारों का सम्मान करते हुए घोषित करने की बात कहीं है. दूसरी ओर, अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और उनके सहयोगी उपाध्यक्ष शहनवाज आलम के साथ अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अरविंद पांडेय और शैलेश सिंह की सत्ता पक्ष की टीम भी अपने रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव समिति के सारे छह सदस्य के लिए अपने नाम की घोषणा रोकी है. सत्ता पक्ष की ओर से सीआरएम के प्रवीण कुमार और एके सिंह मुखिया को उम्मीदवार बनाये जाने की चर्चा चल रही है. इन दोनों में एक नाम को फाइनल किया जायेगा. वहीं छह सदस्यीय टीम का नाम लगभग तय हो चुका है.













