
जमशेदपुर : टाटा स्टील के पूर्व एमडी और टाटा संस के निदेश रह चुके डॉ जेजे इरानी गंभीर रुप से घायल हो गये है. बताया जाता है कि वे जमशेदपुर के बेल्डीह गोल्फ कोर्स के बगल में स्थित अपने घर में ही लहुलुहान हालत में मिले है. बताया जाता है कि वे अपने कमरे से बाथरुम जाने के दौरान घर में ही रात करीब ढाई बजे ही गिर गये थे. उनके गिरने की आवाज सुनने के बाद घर पर मौजूद केयर टेकर और उनकी पत्नी डेजी इरानी पहुंची. डॉ इरानी लहुलुहान हो गये थे. उनके सिर से काफी खून बह रहा था. तत्काल उनके घायल होने की सूचना टीएमएच में दी गयी, जिसके बाद टीएमएच की पूरी टीम दो मिनट में उनके घर पर पहुंच गयी और उनको लेकर सीधे टीएमएच के इमरजेंसी ले जाया गया, जहां उनका प्रारंभिक इलाज किया गया. डॉ जेजे ईरानी के सिर के पिछले हिस्सा में गंभीर चोट आयी है. उनको तत्काल सीसीयू में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है. करीब 80 साल की उम्र में उनको यह चोट लगने से चिंताएं बढ़ चुकी है. वैसे डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है. वैसे अब तक टाटा स्टील ने उनके स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह का कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी है.







