
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के नव निर्वाचित अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महामंत्री सतीश कुमार सिंह और डिपुटी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह ने शनिवार को हैदराबाद में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीव रेड्डी से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान तीनों पदाधिकारियों ने पीएफ अंशदान में सलाना 2.5 लाख या उससे अधिक की कटौती होने पर अगले वित्तीय वर्ष में टैक्स छूट नहीं मिलने के प्रावधान को लेकर भी इंटक अध्यक्ष डा रेड्डी को एक पत्र सौंपा. डॉ रेड्डी से मुलाकात के दौरान मजदूर वर्ग और वर्तमान वैश्विक परिस्थिति में ट्रेड यूनियन की स्थिति पर भी औपचारिक विचार विमर्श हुआ. इस मौके पर इंटक अध्यक्ष डॉ जी संजीव रेड्डी ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार का श्रमिक वर्ग पर कम और पूंजीपतियों पर विशेष ध्यान है जो देश के सम्पूर्ण कामगार वर्ग के लिए चिंता का विषय है, उन्होंने कहा की यदि ऐसी ही स्थिति रही तो केंद्र में सरकार बदलने पर पूंजीपति वर्ग को जवाब देना मुश्किल हो जायेगा. हैदराबाद की मुलाकात के बाद ये सारे लोग दिल्ली के लिए रवाना होंगे. दिल्ली में पीएफ के अंशदान के मुद्दे पर मजदूर नेताओं से उनकी मुलाकात होगी.






