
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने सभी लोकेशन में 14 अप्रैल को नेशनल फायर सेफ्टी डे मनाया. यही नहीं, टाटा स्टील 14 से 20 अप्रैल तक नेशनल फायर सर्विस वीक के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी. 14 अप्रैल को पूरे भारत में नेशनल फायर सर्विस डे मनाया जाता है. 1944 को इसी दिन अग्निशमन कर्मचारियों ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए मुंबई पोर्ट के डॉक पर एसएस फोर्ट नामक पानी के जहाज में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग को बुझाने में अपने प्राणों की आहूति दे दी थी. अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए जान गंवाने वाले इन कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए हर वर्ष इस दिन को नेशनल फायर सर्विस डे के रूप में मनाया जाता है. इसी परंपरा के अनुरूप, टाटा स्टील अपनी जान पर खेल कर लोगों की जान और परिसंपत्तियों की रक्षा करने वाले उन बहादुर अग्नि शमन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि देने के लिए भारत के अपने सभी लोकेशन में 14 से 20 अप्रैल, 2021 तक ‘नेशनल फायर सर्विस वीक’ का आयोजन कर रही है. नेशनल फायर सर्विस वीक का उद्घाटन कार्यक्रम टाटा स्टील फायर ब्रिगेड, जमशेदपुर में आयोजित किया गया, जिसमें गोपाल पी चौधरी, चीफ, सिक्यूरिटी ऐंड ब्रांड प्रोटेक्शन, शेखर किशोर प्रसाद, हेड, सिक्यूरिटी वर्क्स और शाहनवाज आलम, यूनियन उपाध्यक्ष, फायर ब्रिगेड समेत अन्य वरीय अधिकारियों ने फायर फाइटरों को श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर श्री चौधरी ने फायर सर्विस डे के महत्व को रेखांकित किया और पूरे सप्ताह आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए अग्निसुरक्षा पर जागरूकता सत्र, ‘इमरजेंसी रिस्पांस टीम’ प्रशिक्षित स्कूल टीचरों के लिए प्रशिक्षण सत्र, ठेका कर्मियों के लिए जागरूकता सत्र और ऑनलाइन क्विज आदि का आयोजन किया जाएगा.













