आदित्यपुर : बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, आदित्यपुर सेंटर ने झारखंड सरकार द्वारा सर्किल रेट में की गई वृद्धि पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. सेंटर अध्यक्ष अमित कुंवर ने कहा है कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में सर्किल रेट में अत्यधिक बढ़ोतरी से रीयल एस्टेट क्षेत्र, निर्माण उद्योग तथा आम संपत्ति खरीदारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि सर्किल रेट बढ़ने से संपत्ति की रजिस्ट्री पर लगने वाली स्टांप ड्यूटी एवं पंजीकरण शुल्क में वृद्धि होगी, जिससे मकान और व्यावसायिक संपत्तियों की खरीद महंगी हो जाएगी. इसका सीधा असर मध्यम वर्ग, छोटे निवेशकों तथा प्रथम बार घर खरीदने वाले लोगों पर पड़ेगा. साथ ही, निर्माण उद्योग की गति धीमी होने से रोजगार और निवेश पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. सर्किल रेट सरकारी न्यूनतम मूल्यांकन का आधार होता है और इसका प्रभाव संपत्ति पंजीकरण लागत पर पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बीएआइ की आदित्यपुर सेंटर इकाई की ओर से सरकार से किसी भी संशोधन से पूर्व बिल्डर्स, डेवलपर्स, उद्योग संगठनों एवं अन्य हितधारकों से व्यापक विचार-विमर्श करने के बाद एवं बाजार की वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप ही सर्किल रेट निर्धारित करने का आग्रह किया है. एसोसिएशन का मानना है कि संतुलित और व्यावहारिक नीति से ही राज्य में रीयल एस्टेट क्षेत्र को प्रोत्साहन मिलेगा, निवेश बढ़ेगा और झारखंड के आर्थिक विकास को गति मिलेगी.







