जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर में गुरुवार को राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग भारत सरकार के निर्देश पर बाल श्रम के खिलाफ श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्प लाइन,आरआईटी थाना एवं युवा संस्था की संयुक्त टीम द्वारा आरआईटी थाना क्षेत्र के होटल एवं वाशिंग सेंटर पर छापेमारी की गई, जिसमें चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया. इस अभियान में एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स में दो नाबालिग बच्चों को और अम्बेडकर चौक के पास वॉशिंग सेंटर से दो नाबालिग को मुक्त कराकर बाल कल्याण समिति सीडब्ल्यूसी द्वारा उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया. साथ ही साथ संचालक को सख्त चेतावनी दी गयी. (नीचे भी पढ़े)

बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद हैदर ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रमिक अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना कानूनन अपराध है. उन्होंने दुकानदारों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में नाबालिगों को नियोजन में नहीं रखने और इसकी घोषणा प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण में बाल श्रम विभाग के एलईओ रूबी कुमारी, सीडब्लूसी के सदस्य सैयद हैदर, चाइल्ड हेल्प लाइन की को ऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश पाण्डेय, सीएचएल के समीर महतो, सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति और आरआईटी थाना के आनंद कुमार सम्मिलित थे.







