रांची / जमशेदपुर : दो दिन से रोज सुबह हो रही बारिश ने गर्मी ने काफी राहत दिला दी है. इससे लोगों को काफी सुकून मिला है. जमशेदपुर सहित कोल्हान में करीब आधा घंटा तक जमकर पानी बरसा. वहीं गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, सिमडेगा, बोकारो, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा जिला में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली और जोरदार बारिश हुई. इससे लोगों को जहां राहत तो मिली परंतु दूरी ओर बारिश के पानी से शहर में कई जगह जलभराव हो गया. इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. लगातार हो रही बारिश से अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आयी है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार मध्य पाकिस्तान से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक फैली ट्रफ लाइन झारखंड के ऊपर से गुजर रही है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इसी प्रणाली के प्रभाव से राज्य में आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे तापमान में कमी आई है. (नीचे भी पढ़ें)

रविवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट – मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड में35 डिग्री से कम रहा अधिकतम तापमान : झारखंड में लगातार दो दिनों से सुबह में हो रही बारिश के कारण लगभग सभी जिलों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से कम रहा. डाल्टेनगंज का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा. वहीं रांची का 27.8 डिग्री, जमशेदपुर का 32.0 डिग्री, बोकारो का 34.2 डिग्री, चाईबासा का 33.4 डिग्री, देवघर का 29.8 डिग्री, कोडरमा का 26.8 डिग्री, गुमला का 31.1 डिग्री, हजारीबाग का 28.1 डिग्री, खूंटी का 32.2 डिग्री, पाकुड़ का 33.5 डिग्री, सरायकेला का 33.4 डिग्री, दुमका का 31.7 डिग्री, सिमडेगा का 34.3 डिग्री और पश्चिम सिंहभूम का 33.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रांची में : मौसम विभाग के रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को सबसे अधिक वर्षा रांची में 42.6 एमएम, कांके में 27 एमएम, बोकारो में 24.5 एमएम रिकॉर्ड किया गया. वहीं जमशेदपुर में और सरायकेला में सबसे कम वर्षा हुई थी.







